Thursday, June 30, 2011

लौट आओ बापू

पर इस बार अहिंसा नहीं सकरात्मक प्रतिरोध को साथ लेकर आओ, क्युंकि ये पत्थरदिल लोग अहिंसा की बात नहीं समझते.
सत्याग्रह के माध्यम से अत्याचार के प्रतिकार के अग्रणी नेता महात्मा गाँधी आज फिर आपकी ज़रुरत है. राष्ट्रपिता का दर्ज़ा देकर, आपकी फोटो नोटों में देकर, आपके नाम से गलियों का नाम रख और आपके नाम से मैदानों का नाम रख लोगों ने आपके आड़ में क्या क्या किया और क्या क्या कर रहे हैं आप नहीं जान सकते. कोई भगवान या खुदा नहीं है जो देख रहा हो. पर बापू अगर आना तो इस बार अहिंसा के साथ मत आना नहीं तो हार जाओगे. आपने जिस हिन्दुस्तान का सपना देख उसे आज़ाद करने में अपनी पूरी ज़िन्दगी लगा दी थी उसके लोग अब सिर्फ हिंसा की जुबान समझते हैं.
बापू तेरे पदचिन्ह आज भी अछूते हैं क्युंकि उसपर कोई चला ही नहीं. २ अक्टूबर को दारु की दुकाने बंद तो रहती हैं पर अगर आप आओगे तो मैं आपको दिखलाऊंगा यंहा हर गली, हर मोहल्ले में उस दिन ब्लैक में दारु मिलती है. खैर बेचने वालों की बात छोडिये ये धंधा है उनका, आखिर पापी पेट का सवाल जो है. पिने वालों की बात करते हैं. जब आप जिंदा थे तो लोग गंगा जल पीते थे कि अमर हो जाएँ अब गंगा नहाने के लायक भी नहीं है मजबूरन लोगों ने रम, वोदका और विस्की का सुबह से शाम तक सहारा ले लिया है. काश आप आज के दिनों का अखबार पढ़ते कल तक जंहा अखबारों में विचारों और सिधान्तों कि जगह होती थी आज उनमें सिर्फ हत्या, लूट, बलात्कार और भ्रस्टाचार सना होता है. अब अधिकारों के लिए कोई नहीं लड़ता बापू, किसी को फुर्सत नहीं है, वास्तव में आज़ाद जो हो गए हैं. आज़ादी से याद आया, क्या खूब आज़ादी दिलाई आपने. लोग अब कंही भी कभी भी किसी का बलात्कार कर लेते हैं, हत्या कर देते हैं, अब चोर रहे ही नहीं सब डकैत हो गए हैं. इतनी बेहतरीन आजादी शायद दुनिया में कंही नहीं होगी. भेदभाव की बात ही छोड़ दो, एक आप थे जो सर्वजन कि बात करते थे दूसरी मायावती हैं जो आजकल मुख्यमंत्री हैं एक प्रदेश की वो बात करती हैं. फ़र्क सबको मालूम है बताने की ज़रुरत नहीं है.

मैं सूट, कोट, जिन्स जैसे पश्चिमी कपड़ों का विरोधी नहीं पर आपको बताते चलूँ आपके विकसित भारतीयों को कुरते और धोती से नफरत होती है जिन्होंने आजतक धोती नहीं छोड़ी है उन्हें हीन भावनाओं से देखा जाता है. खैर आज़ाद देश है कुछ नहीं कह सकते, पर भाषा को तो देखो हिंदी लोगों को आती ही नहीं. हाँ, याद आया इस बार आना तो अपने आप को बदल कर आना. अधनंगे होकर हिंदी में इमानदारी की बात मत करना इस बार सिर्फ और सिर्फ अंग्रेजी चलेगा और कुछ नहीं. अब संघर्ष के मायने बदल गए बापू, महंगाई जो इतनी बढ़ गई है. आपके चरखे से निकला खादी अब ब्रांड हो गया है. इसे वही लोग बेचते हैं जिनको आपने खदेड़ कर भगाया था.

अब आपके कांग्रेस में कोई गोपाल कृष्ण गोखले नहीं रहे अब यंहा सिर्फ १० जनपद है जंहा से आदेश पारित होता है. एक आप थे जो कहते थे भारत को समझाने के लिए भारत भ्रमण ज़रूरी है, आज हालात यह है कि १० जनपथ का भ्रमण हो गया तो वो अरबों का मालिक बन जाता है. हाँ, भ्रमण से याद आया अब पैदल भ्रमण नहीं होता बापू, बड़ी - बड़ी गाड़ियों के काफिला में आज के समाजसेवक मिडिया वालों के साथ बात करते - करते भ्रमण किया करते हैं. गर्मी बढ़ गयी है न चेहरा काला हो जाता है. आपको याद दिलाऊँ, आपकी सबसे बड़ी उपलब्धि जिस चंपारण से मिली थी उस प्रदेश की बात करते हैं. उसकी राजधानी पटना में आपके नाम से एशिया प्रसिद्ध सेतु है. पिछले २५ सालों से उसकी तबियत ख़राब है. प्यासा है, विकलांग है. खैर जब आओगे तब मैं आपको ले चलूँगा. जंहा तक मुझे लगता है इस बार भी आपका आन्दोलन वंही से शुरू होगा, पर इस बात के लिए नहीं कि सेतु ठीक हो जाये बल्कि इसलिए कि सेतु से आपका नाम हटे. बिहार आया तो एक बात और बताते चलूँ. आप, लाल बहादुर शास्त्री और सरदार पटेल किसानों को निर्भर बनाने कि बात करते थे आज का हाल तो देखिये किसानों के पास खेत रहे ही नहीं उनपे ऊँची - ऊँची इमारतें बन गयी और जो खेत बच गए उनपर खेती करने के लायक किसान नहीं बचे, क्या करें मंहगाई जो इतनी है.

पता है ये सब क्यूँ हुआ?, क्युंकि आपने तब अपना पूरा ध्यान भारत के भविष्य के बजाय सिर्फ आज़ादी प्राप्त करने पर दी थी. क्यूँ सह दिया था आपने इस कांग्रेस को? जिन गोरों को आपने भगाया था ये उन्हें विकसित मानकर उनके पीछे चलने के आदि हो गए हैं. लार्ड मेकाले याद है आपको, कितना मजबूर होकर लन्दन लौटा था वो हमारी भाषा, संस्कृति और संगठित समाज से हारकर. आप गए और वो खुद ब खुद जीत गया बापू. ना हमारी भाषा रही, ना संस्कृति ना समाज. समाज की छोडो अब घर नहीं रहा. २/२ के फ्लैट अब लोगों को आज़ादी का अहसास दिलाते हैं. अनसन और सत्याग्रह करो तो लाठियां चलाती है आपकी ये कांग्रेस. एक आप थे जो जवाहरलाल नेहरु के लिए बोलते थे एक दिग्विजय सिंह हैं जो राहुल गाँधी के लिए बोलते हैं. वैसे आजकल एक और राजनीतिक पार्टी भी है जिसे भारतीय जानता पार्टी के नाम से जानते हैं. मैं आपको ले चलूँगा इनके बड़े - बड़े मठाधीशों के पास. आपका हे राम शब्द के साथ अंत हुआ था, इनकी शुरुवात यंही से हुई. वैसे इस बार जब आप आयेंगे तो आपको यंहा राम मिलेंगे नहीं, उनका इनलोगों ने भरपूर प्रयोग कर लिया है जिससे उनका अस्तित्व ही खत्म हो गया है. अब वो भी पत्थरों के सहारे अंध विश्वासी लोगों को विश्वास दिलाते रहते हैं.

अब ज़रा आपके अपने सिद्धांतों का हाल देखिये. आप सत्य की व्यापक खोज में ज़िन्दगी भर स्वयं की गलतियों और खुद पर प्रयोग करते हुए सिखा, आज लोग सत्य से भागने के लिए किसी और पर गलती मढ़ देते हैं. एक आप वकील थे और एक आज के वकील हैं सत्य - असत्य इनकी मुट्ठी में है. अहिंसा और अप्रतिकार बिलकुल नहीं बापू. अब सिर्फ प्रतिकार, विरोध, बदला और हिंसा का ज़माना है. प्रेम आज निष्क्रिय है अत्याचारी ही विजय होते हैं, एक दो नहीं आप आओगे तो देखना यही सिस्टम है यही सच्चाई है. एक आँख के लिए दूसरी आँख दुनिया को अँधा बना तो रही है पर इनका क्या करें बापू ये सारे जन्मजात ही अंधे हैं. आपकी ये पंक्ति अब दूरदर्शी नहीं दिखाई देती लोगों को. आपके आज़ाद भारत में पुलिस जनता की या जनता के लिए नहीं है. पुलिस सरकार की सेवा कर रही है.

इसलिए बापू आना ज़रूर. कई ऐसे भी हैं जो मजबूर हैं जिन्हें आपकी ज़रुरत है. पर किसी अंग्रेजी लिबास में, बिलकुल आक्रामक अंदाज़ में. अब इज्ज़त नहीं डर से काम होगा. जब तक लोग डरेंगे नहीं, इज्ज़त करेंगे नहीं. आपके प्रिय तुलसीदास भी कह गए हैं, "भय बिनु होई न प्रीत".

Sunday, June 26, 2011

सिंहासन खाली करो कि जनता आती है

आपातकाल भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में 21 महीने का वह समय जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सलाह पर तत्कालीन राष्ट्रपति फ़ख़रुद्दीन अली अहमद ने भारतीय संविधान की धारा 352 के अंतर्गत आपातकाल की घोषणा की थी। भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में यह सबसे विवादास्पद समय माना जाता है। 1974 में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जयप्रकाश नारायण ने अपना बनवास तोड़कर फिर से लोक मोर्चा की कमान संभाली थी। जेपी ने गुजरात में नौजवानों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया तथा उसी तर्ज पर उन्होंने बिहार के नौजवानों को आगे बढ़ने का आह्वान किया था। मई 1974 में भारत के रेल मजदूरों ने जोरदार आंदोलन कर भारत सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी थीं। 1971 के चुनाव में दो-तिहाई बहुमत से जीतने वाली इंदिरा गांधी की सरकार पर चौतरफा हमले शुरू हो गए थे। रायबरेली से 1971 में इंदिरा गांधी के खिलाफ समाजवादी राजनारायण चुनाव तो हार गए थे, लेकिन उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनाव याचिका के जरिए इंदिरा गांधी की जीत को चुनौती दे डाली थी। कांग्रेस पार्टी के लिए वह सबसे बुरे दिनों में से था पर शायद  सही मायने में लोकतंत्र जीत रहा था. 
सत्ता की लालच, अहंकार और कमज़ोर विपक्ष के कारण इंदिरा को इस बात का एहसास तक नहीं था कि वो क्या कर रहीं थी पर समाजवाद के नाम पर लोकतंत्र की लड़ाई लड़ रहे तमाम नेताओं को इस बात की कोई परवाह नहीं थी कि तानाशाह इंदिरा उनके साथ क्या सलूक कर सकती थी.  इतिहास गवाह रहा है, व्यक्ति और समूह कितना भी शक्तिशाली हो, इतिहास की आंधी से कोई नहीं बच सकता। साधारण व्यक्ति का प्रयास भी चट्टानी सत्ता को धराशायी कर सकता है। जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में एक तरफ जंहा तिनका पहाड़ का रूप ले रहा था इंदिरा और कांग्रेस रुपी पहाड़ अपने पतन की और जा रहे  थे. बगैर किसी परवाह के इंदिरा ने सुप्रीम कोर्ट, राष्ट्रपति और राज्यों के मुख्यमंत्री पद पर अपने सुभचिन्तकों को बैठाना शुरू कर दिया. मजदूर, किसान, युवा सभी सरकार के खिलाफ खड़े होने लगे. एक तरफ जार्ज फर्नांडिस के नेतृत्त्व में रेलवे के १७ लाख कर्मचारी हड़ताल पर बैठ गए वंही दूसरी तरफ जयप्रकाश नारायण के नेतृत्त्व में बिहार में छात्र आन्दोलन तेजी पकड़ने लगा. जागरूक और साहसी विपक्ष ने इंदिरा गांधी को मजबूर कर गुजरात की विधानसभा भंग कराकर नया जनादेश लाने के लिए बाध्य कर दिया। 12 जून, 1975 को हाईकोर्ट के जज ने अपने ऐतिहासिक फैसले में इंदिरा गांधी के रायबरेली चुनाव को गैर-कानूनी घोषित कर दिया। इस फैसले से पूरे देश में हड़कंप मच गया। इसी बीच गुजरात विधानसभा के चुनाव में जनता मंच को 182 में से 87 सीटों पर जीत मिली। कुछ स्वतंत्र विधायकों को मिलाकर लगभग 100 सीटे कांग्रेस विरोधियों को मिलीं। बौखलाई इंदिरा गांधी ने हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय के अवकाश प्राप्त जज के यहां अपील कर दी। जज ने सशर्त स्थगन दे दिया। इंदिरा गांधी संसदीय बहस में हिस्सा ले सकती थीं, लेकिन मतदान में भाग लेने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। विपक्ष और पार्टी, दोनों ओर से इंदिरा गांधी के सत्ता छोड़ने की मांग तेज होने लगी। 25 जून को 4 बजे सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया। सुप्रीम कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगा दी थी। सभी समाचार माध्यमों, समाचार पत्रों पर सेंसरशिप कानून लागू हो गया। सरकारी खबरों के अलावा कोई खबर जारी नहीं की जा सकती थी। आंतरिक अशांति से निबटने का हवाला देकर आपातकाल लागू कर लोकतंत्र को गिरफ्तार कर लिया गया, मौलिक अधिकार छीन लिए गए । विपक्ष के सभी बड़े नेता गिरफ्तार होने लगे ।
भारतीय राजनीति का यह वो दौर था जब ऊंट दूसरी करवट बैठ रहा था. २३ जनवरी १९७७ को चुनाव की घोषणा हुई. जनता पार्टी ने देशवासियों के बिच प्रचारित किया आम चुनाव के नतीजे ये तय करेंगे की लोकतंत्र या तानाशाही में कौन जीतेगा. नतीजतन, आपातकाल हटने के बाद लोक सभा के हुए चुनाव में  इंदिरा गांधी को हार का सामना करना पड़ा। जनता पार्टी ५४२ में से २९५ सीट जीतकर स्पष्ट बहुमत लाने में सफल हुई और आज़ाद भारत में ३० सालों बाद पहली बार कोई गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री बना.

Tuesday, March 29, 2011

क्या उम्र मायने रखती है ?????

28 साल का हूँ जब ये याद आया, जब ज़िन्दगी इक और करवट ले रही थी. कुछ और भी थे जिनसे मिलने लगा था, कुछ थे जो छूट रहे थे. पिछले दशक के हर इक के साथ की यादें और हकीक़त को सोच रहा था. वर्षों पुराना इक भाई याद आ गया फिर कुछ सोच रहा था.... लिख रहा था....
क्या वाकई उम्र मायने रखती है ? हम लोग इक दुसरे से अलग सोचते हैं, इक दुसरे को समझने का नजरिया अलग है. स्कूल के दोस्त कॉलेज समय नही थे, कॉलेज के दोस्त अब नही हैं. आज फिर वादा कर रहे उनसे जिनके साथ हैं कि हम दोस्त हैं हमेशा साथ रहेंगे ठीक उसी तरह जैसे स्कूल, कॉलेज के वक़्त किये थे. ज़िन्दगी के हर अगले पड़ाव में लोग इक दुसरे से अलग क्यूँ होते जाते हैं ?
क्यूँ इक ही दोस्त होता है जो हमेशा आपको समझता है और आप उसे? क्यूँ नही हर रिश्ते हर किसी को समझते हैं और हमेशा साथ रहते हैं?
ठीक अभी अभी इक ऐसे दोस्त से मेरी बात हो रही थी जो दशक के शुरुवात में मिला था. मैं उससे ये सवाल नही कर पाया क्युंकि वो इसे समझ नही पाता. वो पत्रकार नही है न तो वो फिल्ममेकर है.  वो सुबह 10 बजे तैयार होकर मुंबई की लोकल में चलता है उसके पास इतनी फुर्सत भी नही है कि वो सोच सके. पर शायद अच्छा है वो ये बौद्धिक जुगाली नही कर सकता. कम से कम इन उलझनों से दूर किसी और उलझन में परेशान तो है.
क्या समय से भी बड़ा कोई है? जब मैं कॉलेज में था तो ज़िन्दगी के मायने कुछ और थे, आज 4 साल बाद मायने बदल गए, नजरिया बदल गया, अपने कुछ जानने वालों को देखता हूँ जो आज भी कॉलेज में हैं वो ठीक उसी तरह हैं जैसे मैं अपने कॉलेज दिनों में था. लगता है वो भी 4-5 सालों बाद वैसे हो जायेंगे जैसा मैं आज हूँ. शायद मेरे पिता या मेरे उन दोस्तों के पिता भी अपने कॉलेज दिनों में वैसे ही रहे होंगे. कॉलेज खत्म होने के 4-5 सालों बाद उनका भी नज़रिया बदला होगा. आज जब वो रिटायर्ड हो गए हैं काफी बदलाव महसूस कर रहे होंगे. शायद मैं नही समझ सकता क्युंकि मैं ना तो समझना चाहता हूँ ना हि समझ सकता हूँ. अब जब शादी होने जा रही है तो इक और बदलाव देख रहा हूं खुद में. और सोच रहा हूँ शायद हमारे बच्चे जब स्कूल में होंगे तब वैसे ही होंगे जैसे हम या हमारे माता - पिता अपने स्कूल दिनों में थे.
हम  हमेशा अपने से छोटे उम्र वालों को समझाते हैं ज़िन्दगी ये नही कुछ और है, पर जब कोई हमसे बड़ा हमें समझाता है तो लगता है कि चीजें वैसी नही है. अगर उम्र मायने नही रखती तो शायद जब हमें बड़े होते हैं तो हमारा नजरिया नही बदलता. सोचिये, क्या ऐसा होता है?????

Friday, September 24, 2010

आतंकवाद: आतंक और आस्था की राजनीति

आतंकवाद हमेशा से विरोधात्मक एवं हिंसात्मक प्रतिक्रिया रहा है। हिंदुस्तान पाकिस्तान अलगाव के कारण एवं इस बात के लिए होती अन्र्तराष्ट्रीय राजनीति के कारण मुसलमान को आतंक से सबसे पहले जोड़ा गया. अशिक्षा और गरीबी ने पश्चिमी देशो को मौका दिया जिससे अमन और शांति का धर्म जेहाद के मायनों में भटक गया। ऐसा नहीं था कि मुसलमान को आतंक से जोड़ने वाले सिर्फ पश्चिमी देश थे, मुसलमान को आतंकी मुस्लिम नेताओं ने बनाया। जेहाद और कौम के नाम पर मुसलमानों ने खुद मुसलमान को आतंक से जोड़ा। विरोध इस हद तक था कि जेहादियों ने पूरे विश्व में अपना पैर पसार लिया कंहीं इसके प्रभाव में यहूदी आये कंहीं हिन्दू, कंहीं सिख तो कंहीं कोई और समय के साथ मुसलमानों को भी विरोध का सामना करना पड़ा। विश्व के कई देशों ने मुसलमानों को मानव समाज से अलग थलग कर दिया साथ ही जन्म दिया कौमी लड़ाई कोऔर यंही से जन्म हुआ जातिगत आतंक का। क्योंकि जातियां पहले से राजनीति के गिरफ्त में थी इसलिए आतंक के साए में राजनीति ने जातिगत आस्था का सहारा लिया. इसलिए इसे मुस्लिम या भगवा आतंकवाद के रूप में परिभाषित करने के बजाए राजनीतिक आतंकवाद के रूप में परिभाषित करना ज्यादा सार्थक होगा।
भारतीय परिप्रेक्ष में आतंकवाद हमेशा कश्मीर का मुद्दा रहा है, जिसका असर पूरे हिन्दुस्तान में रहा है, पर मुद्दे के बजायें पंजाब, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और पूर्वोतर राज्यों ने भी कश्मीर के आतंकवाद का कहर झेला है। अपनी बात कहने के लिए आतंक का सहारा लेने वालों ने लाखों भारतीयों को मौत के घाट सुला दिया है। आतंकवाद को हिन्दुस्तान में जिस तरीके से प्रसारित किया गया उससे सबसे ज्यादा नुकसान किसी का हुआ तो वो भारतीय मुसलमान  थे और जिन्होंने इसका फायदा उठाया और वो राजनेता रहे हैं।
फूट डालो और शासन करों की तर्ज पर राजनेताओं ने हिन्दु, मुसलमान, सिख और इसाई सबको कभी भारतीय नहीं बनने दिया। अपने फायदे के लिए साधारण भारतीयों को मानव बम बनाकर गली-मौहल्लों में आतंक फैलाने वाले सियासी नेता कल तक मुस्लिम आतंकवाद का नाम दे रहे थे, आज उसे हिन्दु आतंकवाद नहीं बल्कि भगवा शब्द का प्रयोग कर करोडो़ हिन्दुओं की आस्था को आतंकवाद से जोड दिया। 
राम ने पाप का अंत कर पुण्य को जीत दिलायी थी, रामभक्त उनकी जमीन और उनके नाम की शह पर इंसानीयत का अंत कर आतंकवाद को पैदा कर रहे हैं। कल तक आतंकवाद को मुसलमान से जोड़ने वालो में हिन्दू सबसे आगे थे आज भगवा शब्द का आतंक से नाम जुड़ा तो देश भर के हिन्दुओं ने विरोध किया। ऐसा नहीं है कि सारे मुसलमान आतंकी हैं या फिर सारे हिन्दू या सिख पर सबसे बडा़ सवाल यह है कि क्यों नहीं ये हिन्दु आतंकवादी हैं जिन्हें कल तक आतंकवाद में मुसलमान दिखता था। पंजाब में आतंकवाद था मुसलमान नहीं थे। कर्नाटक में आतंकवाद था मुसलमान नहीं थे। अयोध्या में आंतक हुआ बल्कि अभी भी हो रहा है यहां भी मुसलमान नहीं हैं। खुद को पाक साफ कहने वाले हिन्दुओं ने क्या मुसलमानों को आतंकवादी बनने के लिए शह नहीं दी?
हाल ही में एक मशहूर पत्रिका के स्टींग ऑपरेशन ने खुलासा किया कि श्री राम सेना जो राजनीतिक रूप से भी सक्रिय हैं पैसे लेकर आंतक फैलाते हैं। श्रीराम सेना के एक बडे़ अधिकारी के अनुसार वो रामभक्त हैं और राम की जमीन को पवित्र करने की कोशिश कर रहे हैं। कभी गंदी राजनीति के सहारे कभी हथियारों के सहारे। गृह मंत्री पी. चिदम्बरम के भगवा (शेफरन) शब्द के प्रयोग के बाद भारतीय हिन्दुओं के बीच खलबली मच गयी पर शायद हिन्दु भूल गये कि अयोध्या की जमीन पर आतंक फैलाते वक्त इनके जुबान पर ‘जय श्री राम’ और शरीर पर ‘भगवा रंग’ था। कई बुद्धिजीवी और अप्रत्यक्ष राजनीति में सक्रिय कई पत्रकार भगवा को सन्यास और भक्ति से जोड़कर बेवजह मामले पर अपनी बुद्धिजीविता को दिखने में लग गए पर किसी हिन्दू में इतनी ताकत नहीं दिखी जो भगवा शब्द के बजाय हिन्दू शब्द को आतंक से जोड़कर ये माने की आतंक की न कोई जात रही है न है।
 अयोध्या की संकरी गलियों से लेकर कश्मीर की वादियों तक में आतंकवादियों के आतंक का शिकार आम आदमी हुआ है जिसका आतंक से कोई लेना देना नहीं है। आतंक से जीना बेहाल  सिर्फ उनका हुआ है जो अपने ही देश में डरे सहमे जीने की कोशिश कर रहें हैं।
जम्मू - कश्मीर, बिहार, झारखण्ड, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, महाराश्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, नागालैंड, असम, त्रिपुरा, मणीपुर, मिजोरम, कर्नाटक, तमिलनाडु समेत पूरे हिन्दुस्तान में तकरीबन 178 ऐसी जगह हैं जहां कश्मीर जैसी या उससे भी भयवाह स्थिति है। कहीं आतंकवाद है कहीं उग्रवाद हैं। कहीं कोई मुस्लीम आतंक फैला रहा है तो कहीं हिन्दू, कंही सिख तो कहीं इसाई। ये मुस्लिम आतंक है या हिन्दू आतंक है । या सिर्फ आतंक।
जातिगत समाज में उपलब्ध मतदाताओं की जानकारी हर राजनेता के पास होती है पर आतंक फैलाने वालों की जानकारी किसी के पास नहीं है। कश्मीर में पत्थर कौन चलाते हैं इसे कोई राजनेता नहीं कह सकता पर टी.वी. चैनलों पर आकर बोलने का मौका दीजिए फिर देखिये इनके शब्दों का प्रयोग और अपनी-अपनी कौम के नाम पर लोगों को वर्गलाने में कोई कसर नहीं छोडते।
ऐसा लगता है कि गाँधी चले गये गये और आज के इन राजनेताओं को छोड़ गए। वर्षों से ये राजनेता राजनीति करते आ रहे हैं, कराते आ रहे हैं पर कोई हल नहीं निकला है और न ही निकलेगा क्योंकि जिस दिन आतंक और जाति की राजनीति खत्म होगी हल तो निकल जायेगा पर इनको शह देने वालों की राजनीति खत्म हो जाएगी।
दक्षीण एशिया में साम्यवाद के नाम पर 32 से भी ज्यादा संगठन हैं जो कौमी तौर पर हिंसक रवैया अपनाते हैं और इन्होंने अपनी-अपनी छतरी को भगवान या अल्ला के नाम से रंग रखा है।
आतंकवाद  एक संगठीत व्यवसाय है जिसे विभिन्न देशों में मौजूद राजनेता  अपने- अपने फायदे के लिए प्रयोग कर रहें हैं।
इस प्रयोग में इनका कोई नुकसान नहीं है और इन प्रयोग से मरने वालों का कोई हिसाब नहीं हैं। आस्था के नाम पर खून की नदियाँ बहाने वाले हमेशा यह तर्क देते आये हैं कि हम भी चुप नहीं बैठेंगे, अगर हमारी आस्था पर चोट पहुँचती है तो विरोधात्मक और हिंसात्मक रवैया अपनाकर हम भी आतंक का सहारा लेंगे लेकिन ये हिन्दु आतंकवादी है भगवा आतंकवादी नहीं अगर कंही कोई मुस्लिम आतंकवादी है तो। ये भी उतने ही क्रूर सजा के लायक हैं जितना की अफजल गुरू।

  • गृह मंत्री पी. चिदम्बरम के भगवा (शेफरन) शब्द  के प्रयोग के बाद भारतीय हिन्दुओं के बीच खलबली मच गयी पर शायद 
हिन्दु भूल गये कि अयोध्या की जमीन पर आतंक फैलाते वक्त इनके जुबान पर ‘जय श्री राम’ और शरीर पर ‘भगवा रंग’ था। 

  • मुसलमान को आतंक से जोड़ने वाले सिर्फ पश्चिमी देश नहीं थे, मुसलमान को आतंकी मुस्लिम नेताओं ने बनाया। जेहाद और कौम के नाम पर मुसलमानों ने ही खुद को आतंक से जोड़ा। अशिक्षा और गरीबी ने पश्चिमी देशो को मौका दिया जिससे अमन और शांति का धर्म जेहाद के मायनों में भटक गया।

  • एक मशहूर पत्रिका के स्टींग ऑपरेशन ने खुलासा किया कि ‘श्री राम सेना’ जो राजनीतिक रूप से भी सक्रिय हैं पैसे लेकर आंतक फैलाते हैं।  श्रीराम सेना के एक बडे़ अधिकारी के अनुसार वो रामभक्त हैं और राम की जमीन को पवित्र करने की कोशिश कर रहे हैं। कभी गंदी राजनीति के सहारे कभी हथियारों के सहारे।

Friday, July 16, 2010

बदलते दौर में बदलता सिनेमा और मीडिया के प्रयोग

सत्यजित रे, गोविन्द निहलानी, श्याम बेनेगल और प्रकाश झा जैसे फिल्मकारों की याद आते ही अगर कुछ जुबान पर आता है तो वो है कहानी और किरदार, पर बदलती सोच से बदलते दौर में भारतीय सिनेमा को आज अगर देखा जाय तो कहानी और किरदार से भी पहले स्टार और मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को नजरंदाज नही किया जा सकता।
एक किरदार और उसके आसपास की कहानी, कहानी कहने वालों का उद्देश्य और उनकी समझ एक ऐसा आधार बनाता है, जिससे एक वक्ता अपनी बात सिनेमा के माध्यम से करता है. दौर चाहे जो भी रहा हो सिनेमा कभी अपने मूल भाव से नही भटका है, पर वक्ता के व्यक्तव्य और उद्देश्य को परिभाषित करते हुए सच के रूप में मीडिया ने बदलते दौर में सिनेमा के रूप को बदल दिया। मीडिया ने जंहा इसके बाह्य रूप को प्रभावित किया वँही सुचना क्रांति के दौर में सिनेमा व्यवसाय में उद्दमियों को जमकर फायदा पहुँचाया। आर्थिक संपन्नता और बढ़ते व्यवसाय ने स्टारडम को व्यवसायिकता के तराजू पर तौलना शुरू किया। तेल - साबुन - टूथपेस्ट बेचने वालों ने भाषा और शब्द को बेचना शुरू किया। मिलावट इस कदर थी की स्टार के पीछे खडा अभिनेता बीमार हो गया. .
क्रिकेट के साथ 21 वीं सदी तक में अपने अथक प्रयासों के बाद बॉलीवुड ने भारतीय मानसिकता पर अपना कब्जा जमाया। मनोरंजन के बहाने स्टारडम को बेचने में फूहड़ता के सहारे मीडिया के अन्य माध्यमों का अच्छा खासा भला हुआ। रियालिटी शो, कॉमेडी शो, ग्लैमर शो जैसे ना जाने कितने शो बने जिन्होंने दर्शाया की मीडिया भी बदल रही है। सच बोलने की जरूरतों के बजाय भारतीय मीडिया स्टारडम के साए में भारतीय सिनेमा को तवज्जो देने लगी। राजनेताओं के झूठ और विदर्भ में किसानो की मौत से उब चुकी मीडिया के पास सिनेमा की सपफलता को कैश करने से बेहतर कुछ भी नही था।
अब इसे गलत कहा जाय या बदलाव की सतत् प्रक्रिया मानकर इसे अपनाने की कोशिश की जाय? एक ऐसा सवाल, जिसमें एक अहम उलझन भी है। वर्तमान सिनेमा की जितनी तारीफ की गई उससे कंही ज्यादा इसकी तारीफ करवाई गई. बडबोलेपन और अंदरूनी कलह से जुझती वर्तमान भारतीय सिनेमा और मीडिया के अस्तित्व का कोई आधार नही है, ऐसे में ये मान लेना की चीजें बदल चुकी हैं ये काफी नही है।
वर्चस्व से पहले अस्तित्व का सवाल होता है जिसे बाजारीकरण से प्रभावित हो चुके प्रकाश झा, श्याम बेनेगल, राज कुमार संतोषी, अनुराग कश्यप, दिवाकर बनर्जी जैसे फिल्मकारों को समझना होगा।

Sunday, April 18, 2010

बस्तर : सब कुछ खामोश है, बिलकुल शांत

पिछले छह अप्रैल से बस्तर, जगदलपुर, दंतेवाड़ा और आस पास के इलाको में वाहनों की आवाजाही बंद है, या बिलकुल ना के बराबर है  क्योंकि क्यूंकि उसी दिन सुबह यह इलाक़ा गवाह बना भारत के इतिहास के सबसे बड़े नक्सली हमले का. जिसमें सुरक्षाबलों के 76 जवानों को अपनी जान गवांनी पड़ी. उन क्षेत्रो में प्रेस के जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं है. और वंहा आज भी कुछ पुलिस कैंप हैं जंहा रेत की बोरियों के पीछे सिमटे हुए जवान सड़क पर चलने वालों पर पैनी नज़र रखते हैं, बाकी सब कुछ खामोश है, बिलकुल शांत.

स्थिति की थोड़ी सी अनदेखी से फिर कोई ख़तरनाक परिणाम आ सकते है, इसलिए सरकार सतर्क हो गयी है, पर कहाँ - कहाँ बारूदी सुरंग बिछी हुई है यह खुद माओवादी भी भूल गए हैं. छह अप्रैल की घटना के बाद पूरे बस्तर में खौफ़ का साया है. सुदूर ग्रामीण और जंगली क्षेत्रों में अब मौत का डर बड़े पैमाने पर लोगों को पलायन करने पर मजबूर कर रहा है. ज़िला मुख्यालय दंतेवाड़ा से लगभग 150 किलोमीटर दूर स्थित चिंतलनार के लोग बताते हैं कि पिछले कुछ दिनों से वह अपने अपने घरों में सिमटे हुए हैं. इस इलाक़े में हर मंगलवार को बाज़ार भी लगता है जो इस बार नहीं लगा. यहाँ कब क्या होगा कोई नहीं जानता. बिजली नहीं होने के कारण यंहा कि हर रात और ज़्यादा अंधेरी और भयावह बन जाती है.
सुबह छह बजे से दो घंटों तक चली मुठभेड़ का गांव वालों की तरफ़ से कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है. जिससे पूछो वह यही कहता है: "हमने कुछ नहीं देखा. हम अपने घरों में थे. सिर्फ़ आवाजें सुन रहे थे." विदित रहे कि ये आदिवासी बहुल इलाका है, यंहा से जिन लोगो का पलायन शुरू हुआ है, उग्रवादी उन्ही कि लड़ाई लड़ने कि बात करते हैं.

 उन जगहों पर और उनके आस पास के इलाको में उद्दयोग को बढ़ावा देने के लिए एस्सार, जिंदल जैसी कंपनियों को ज़मीन और सुरक्षा का भरोषा दिलाया गया था, और वायदे के मुताबिक ऑपरेशन ग्रीन हंट को शुरू किया गया. सरकार की नीयत का पता तभी चलने लगा था जब, उग्रवाद हटाओ अभियान ऑपरेशन ग्रीन हंट कि शुरुआत में ही 650 गाँवों को वंहा से कंही और शिफ्ट कर दिया गया.

पी चिदंबरम ज़िम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा कि बात कर गए, लेकिन इस्तीफा नामंजूर होने के कारण अभी भी गृह मंत्री के पद पर बने हुए हैं, उग्रवादियों ने जश्न मनाया, और शायद ऐसी ही किसी दूसरी घटना को अंजाम देने में लग गए है.. पर एक कमज़ोर सरकारीनीति  और मंद्बुधि उग्रवादियों के कारण कई माँ कि गोद सुनी हो गयी, सरकार, देश और मीडिया कंही खो गए.

पर आदिवासियों का पलायन कई सवाल खड़ा करता है, क्या उग्रवादी अपने अस्तित्व कि लड़ाई लड़ रहे हैं या आदिवासियों की...? ऑपरेशन ग्रीन हंट के पर्दाफाश होने के बाद सरकार से आदिवासियों की उम्मीद तो नही टूट गयी है?
भारत के 23 अलग - अलग राज्यों के कुल 645 जिले में 649 प्रजाती के अनुसूचित जनजाति पाए जाते हैं, इनमे से ज़्यादातर अहिंसक प्रविर्तियों के होते हैं, ये आदवासी कब और क्यूँ उग्रवादी बने मैं नही जनता, और शायद ज़्यादातर पत्रकार, सरकार, कानूनविद, या बुद्धिजीवी भी नही जानते, जो उग्रवाद को परिभाषित करते हैं, ये बात सिर्फ वो लोग जानते हैं जिन्होंने अशिक्षित, इमानदार और भोले भले जंगली लोगो को हरे भरे पेड़ पोधे के बीच खून की नदियाँ बहाना सिखाया.
 
मैं शायद ये बात इसलिए कह रहा हूँ क्यूंकि संभावित उपाय  कि बात कोई नही करता. एक प्रजातांत्रिक सरकार भले ही बातचीत पर राजी हो जाये पर उग्रवाद को वव्साय बनाए वाले लोग ऐसा कभी नही होने देंगे, क्यूंकि इन्ही जंगलो से वो करोडो - अरबो रुपये का मुख्यधारा में लकड़ियाँ, जंगली जानवरों के अंग, खनिज एंव लौह अयस्क का व्यापार करते हैं, और जिससे संगठन के लिए हथियार, जीविकोपार्जन के खर्चे और संगठन के भविष्य के नाम पर एक ख़ास रकम ज़मा करते हैं, और फिर कोई क्यूँ भला अपने साम्रज्य का अंत करे. सरकार का एक नजरिया ये भी हो सकता है कि उद्योग को बढ़ावा देने पर माहौल में बदलाव आएगा जिसके आधार पर विकास किया जाए क्यूंकि सरकार भी ये जानती है, एक विचारधारा का अंत वो भी सुचना क्रांति और आधुनिकता के दौर में आसान नही है, ऐसे में ये तब और भी मुश्किल है जब उग्रवादी हममे आपमें से एक है, वो भी इस देश का नागरिक है. सरकार इस मुद्दे पर खुल कर काम नही कर सकती, क्यूंकि एक तरफ आर्थिक उदारीकरण कि सोच है तो तो दूसरी तरफ मानवाधिकार का संघर्ष इसलिए भलाई इसमें है की विकास के नाम पर उग्रवाद को मौत की सज़ा सुनाई जाय.

भारत में 20 राज्यों के 223 जिलो में फैले उग्रवाद को हटाने कि अब तक के सबसे बड़े अभियान ऑपरेशन ग्रीन हंट कि सच्चाई यह है कि सेना के जवान आये हैं जो मंत्रालय और राजधानी में बैठे लोगो का आदेश है. जंगलो से हजारो हज़ार गाँव को कंही और शिफ्ट करा दिया जा रहा है, और अगर कंही उग्रवाद कि बू आई तो  सैकड़ो लोगो को मौत के घाट उतार दिया जा रहा है. जो बच गए वो बचने के आश्चर्य में सहमे हुए हैं... ऐसा नही सिर्फ वंहा के लोग सहमे हैं, वंहा हर कोई सहमा है, चाहे वो पुलिस हो, सेना हो, या फिर क्यूँ नही उग्रवादी हो... और बचने और मारने दोनों तरकीबो से ये सहमे उग्रवादी यंहा पहली बार अपने अस्तित्व और वर्चस्व कि लड़ाई लड़ रहे हैं...  तैयारी दोनों कि है पर दोनों का मकसद अलग है इसलिए इस जंग में कई बेक़सूर शहीद हो रहे हैं......ऐसा नही है कि ये सिर्फ जंगली एरिया में हो रहा है, राजधानी क्षेत्र में भी उद्योगिक घराना विकास के लिए सरकार के साथ है.

पर मामला इसलिए विचारनीय है क्यूंकि ये मामला नही एक मुद्दा है, एक ऐसा मुद्दा जिससे इन क्षेत्रों में राजनीति होती है. और यही वो समस्या है जिसके अन्दर इसका उपाय है. पिछले 63 सालो से  जो लोग इन क्षेत्रो से चुनकर आये वो यंहा के विकास के नाम पर करोडो रुपये लिए ज़रूर पर खर्च बिलकुल ना के बराबर हुआ, लाल पिली बत्तियों पर चलने वाले देश के नीतिनिर्धारक और उग्रवाद को परिभाषित करने वाले बुद्धिजीवी भी वंहा तभी पहुंचे जब कभी घटनाएँ घटी. और इसके लिए कोई एक ज़िम्मेदार नही. उग्रवाद हिंदुस्तान की समस्या है, इसलिए हिंदुस्तान का हर नागरिक इसके लिए ज़िम्मेदार है.  बेहतर बदलाव की शुरुआत उन्हें करनी होगी जो इन क्षेत्र से राजनीति करते हैं, सरकार को वंहा के लोगो को भगाना नही बल्कि ये बताना होगा ये उनकी ज़मीन है, ये उनका भी देश है, ज़िम्मेदारी उनकी भी है जो इन क्षेत्रो में रहते हैं और शिक्षित हैं, ज़िम्मेदारी उन सारे पार्टियों की है जो उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में अपने उम्मीदवार को टिकट देती है. स्थिती गृहयुद्ध की है इसलिए यंहा विरोधात्मक नही सकारात्मक सोच की ज़रुरत है.

Thursday, April 15, 2010

ग़ुलामी इनकी हकीक़त है इसलिए राजनीति आज शक्तिशाली है

समाजवादी पार्टी ने मंहगाई के विरोध में हाल ही में 13 प्रमुख राजनीतिक दलों की बैठक में लिए गए देश व्यापी हड़ताल के निर्णय को सफल बनाने के लिए प्रदेश के सभी उद्योगों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और अधिवक्ताओं से 27 अप्रैल को हड़ताल पर रहने का आह्मवान किया है। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहन सिंह ने गुरुवार को संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि 13 प्रमुख दलों की बैठक में देश में बढ़ती बेहताशा महंगाई के मुद्दे को लेकर संसद से सड़क तक विरोध करने का फैसला लिया गया था, जिसके तहत 27 अप्रैल को देशव्यापी हड़ताल होगी। उन्होंने कहा कि 27 अप्रैल को प्रदेश के सभी उद्योग, व्यापारिक प्रतिष्ठान हड़ताल में शामिल रहेंगे और अधिवक्ताओं से अपील की कि वे भी इस जन समस्या में अपनी भागीदारी निभाते हुए न्यायिक कार्य से विरक्त रहें।

पर क्यूँ? क्या इससे मंहगाई कम होगी अगर ऐसा होता है तो स्वाभाविक है हम सब को इसमे शामिल होना चाहिए पर मज़े के बात ये है कि 27 अप्रैल को हड़ताल में शामिल होने वाले में से ज़्यादातर लोगो को मंहगाई के नाम पर सिर्फ इतना मालूम होगा कि पार्टी ने बुलाया है और हमसब को वही करना है जो हमें हमारे नेता ने कहा है...

क्यूँ हमेशा विपक्ष विरोध कि बात करता है? क्यूँ नही, विपक्ष किसी समस्या को दूर करने के लिए देशव्यापी हड़ताल करती है... शायद इन हालात में हड़ताल कि ज्यादा ज़रुरत नही पड़ेगी पर सरकार कि मदद से ज़यादा ज़रूरी है सरकार बनना...
ऐसा नही ये बात सिर्फ समाजवादी पार्टी कि है, देश भर में फैले हज़ारो पार्टियों का एक ही हाल है, कहने को तो सब वैचारिक लोग हैं पर विचारधारा से ज्यादा ज़रूरी कुर्सी को पाना और अपने राजनैतिक क्षेत्र में अपनी सामाजिक हार को बचाना होता है...
यंहा हर किसी कि अपनी विचारधारा है, कोई हिन्दू के नाम पर लोगो को बाँट रहा है तो कुछ दलित और ब्रह्मिन के साथ है... विश्व के सबसे बड़े जनतांत्रिक देश में जंहा सिर्फ 15% लोग उच्च शिक्षा प्राप्त कर पाते हों, वंहा जाती, धर्म, अत्याचार और मंहगाई के नाम पर इन्हें लाखो खून लेने और देने वाले लोग मिल जाते हैं.. भारत में मुद्दा के अलावा और कुछ नही बदलता, क्यूंकि पिछले ६३ सालो में कुछ नही बदला.. हो सकता है मेरी बात से कुछ लोग सहमत नही हों, पर अगर आप आर्थिक उदारीकरण कि बात करेंगे तो आपको एक बार छत्तीसगढ़, झारखण्ड, बिहार के सुदूर गाँवो में जाना होगा, देखना होगा कि बदलाव क्या हुए हैं?

मोबाइल कम्पनियां गाँव गाँव तक पहुँच चुकी है, अखबार और टी आर पी चैनल वाले का प्रभाव भी पंहुच चुका है, उनकी बातें उनका चेहरा अब दिल्ली में भी दिखता है, पर एक चीज़ आज भी नही बदला है, जो कभी अंग्रेजों के ग़ुलाम थे, आज अपनों के ही ग़ुलाम हैं... ग़ुलामी इनकी हकीक़त है इसलिए राजनीति आज शक्तिशाली है...

लोग इस बाबत लिखते हैं, आवाज़ उठाते हैं, अलग अलग तरीको से विरोध प्रकट करते हैं, पर अपने फायदे के लिए, क्यूंकि आर्थिक उदारीकरण ने नजरिया और ज़रूरतों को तो बदल दिया, पर वक़्त के साथ और अपनों कि राजनीति ने हमें कभी बदलने नही दिया, वैश्विक मंच पर हमारी उपस्तिथि और हकीक़त में फर्क है जिसे हम साथ लेकर नही चल सकते, क्यूंकि हम आज भी हड़ताल करते हैं, विकास नही....

अशुद्धियों और वैचारिक हनन के लिए माफ़ी चाहता हूँ, आपके टिप्पणियों का इंतज़ार रहेगा..